मुंबई3 दिन पहले
- कॉपी लिंक
प्रीमयम मोटरसाइकिल ब्रांड डुकाटी इंडिया ने एडवेंचर बाइक डेजर्टएक्स का डिस्कवरी वर्जन भारत में लॉन्च किया है। यह स्टैंडर्ड वर्जन का एडवांस्ड वर्जन है। इसे स्टैण्डर्ड और रैली वर्जन के बीच रखा गया है। इटालियन बाइक मैन्यूफैक्चरर की इस बाइक में सेफ्टी के लिए ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS और इंजन ब्रेक कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
खास बात ये है कि बाइक में 937cc लिक्विड-कूल्ड टेस्टास्ट्रेटा V-ट्विन इंजन लगा है, जो मारुति सुजुकी ऑल्टो और रेनो क्विड के इंजन से भी ज्यादा पावर फुल है। ऑल्टो और क्विड की एक्स-शोरूम शुरुआती कीमत जहां 4 से 5 लाख रुपए है, वहीं डुकाटी डेजर्टएक्स की कीमत इनसे चार गुना ज्यादा है।
डुकाटी डेजर्टएक्स डिस्कवरी की एक्स-शोरूम कीमत 21.78 लाख रुपए रखी गई है। यह स्टैंडर्ड मॉडल से 3,45,000 रुपए महंगी और टॉप रैली वैरिएंट से 1,92,600 रुपए सस्ती है। डुकाटी डेजर्टएक्स डिस्कवरी का मुकाबला ट्रायम्फ टाइगर 900, BMW F 900 GS और KTM 890 एडवेंचर R से है।

डुकाटी डेजर्टएक्स : वैरिएंट वाइस प्राइस
वैरिएंट | कीमत |
स्टैंडर्ड | ₹18,33,200 |
डिस्कवरी (न्यू) | ₹21,78,200 |
रैली | ₹23,70,800 |
डुकाटी डेजर्टएक्स डिस्कवरी में नया क्या? डिजाइन की बात करें तो नई डुकाटी डेजर्टएक्स डिस्कवरी स्टैंडर्ड मॉडल जैसी ही दिखती है। एडवेंचर बाइक को रेड, व्हाइट और ब्लैक कलर कॉम्बिनेशन के साथ पेश किया गया है। इसमें एक लंबी टूरिंग विंडस्क्रीन दी गई है जो सवार को लंबे समय तक राइडिंग करने के दौरान तेज हवा के झोंकों से बचाती है।
इसके अलावा इसे पहले से मौजूद मॉडल से अलग करने के लिए हीटेड ग्रिप्स, बड़ी टूरिंग विंडस्क्रीन, एल्यूमीनियम पैनियर्स और सेंटर स्टैंड जैसी एसेसरीज मिलती हैं। इसके अलावा डिस्कवरी में डेजर्टएक्स के इंजन और बॉडीवर्क की सेफ्टी के लिए एक बुल बार, एक रेडिएटर ग्रिल, इंजन गार्ड और एक बैश प्लेट की सुविधा है।
फीचर्स की बात करें तो डुकाटी डेजर्टएक्स डिस्कवरी 5 साल के टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन सब्सक्रिप्शन के साथ आती है, जिसे 5 साल बाद डुकाटी लिंक स्मार्टफोन एप्लीकेशन के जरिए रिन्यू कराना होगा। एडवेंचर बाइक में 21 लीटर की फ्यूल टैंक है और इसका वजन 210 किलोग्राम है। इसकी स्टैंडर्ड सीट की ऊंचाई 875mm है, जिसे एक्स्ट्रा एसेसरीज के साथ 890mm तक बढ़ाया और 845mm तक घटाया जा सकता है।

परफॉर्मेंस: स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच और 6-स्पीड गियरबॉक्स डुकाटी डेजर्टएक्स डिस्कवरी में परफॉर्मेंस के लिए अन्य वैरिएंट की तरह 937cc का लिक्विड-कूल्ड, L-ट्विन इंजन दिया गया है। यह 9250rpm पर 110hp की पावर और 6500rpm पर 92Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इसे स्लिप-एंड-असिस्ट क्लच और बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स से ट्यून किया गया है।

फीचर्स: 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल डेजर्टएक्स डिस्कवरी में स्टैंडर्ड वैरिएंट की तरह ही 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल मिलता है। इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, कॉल और SMS अलर्ट और म्यूजिक कंट्रोल सहित स्मार्टफोन कनेक्टिविटी जैसे फीचर्स मिलते हैं। बाइक में 6 राइड मोड- टूरिंग, स्पोर्ट, वेट, अर्बन, एंड्यूरो और रैली दिए गए हैं। इसमें थ्री-लेवल कॉर्नरिंग ABS सिस्टम, व्हीली कंट्रोल, इंजन ब्रेकिंग कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल, सेल्फ-कैंसलिंग इंडिकेटर्स, स्टीयरिंग डैम्पर और बहुत कुछ शामिल हैं।

हार्डवेयर: फुली एडजस्टेबल सस्पेंशन डुकाटी डेजर्टएक्स डिस्कवरी में कंफर्ट राइडिंग के लिए फ्रंट में KYB इनवर्टेड फोर्क और रियर में KYB मोनोशॉक सस्पेंशन दिए गए हैं, दोनों फुली एडजस्टेबल हैं। बाइक में आगे की तरफ 320mm डुअल डिस्क ब्रेक और पीछे की तरफ 265mm डिस्क ब्रेक है, जिसमें स्विचेबल डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड है। बाइक में 21 इंच के फ्रंट और 18 इंच के रियर क्रॉस-स्पोक व्हील लगे हैं, जिसके दोनों सिरों पर 90-सेक्शन फ्रंट और 150-सेक्शन रियर पिरेली स्कॉर्पियन रैली STR ट्यूबलेस टायर लगे हैं।