- Hindi News
- No fake news
- Video Of A Woman Fencing Goes Viral In The Name Of Delhi CM Rekha Gupta; Investigation Turns Out To Be False
5 दिन पहले
- कॉपी लिंक
सोशल मीडिया पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला को तालाब से पानी भरकर मिट्टी में छिड़काव कर रंगोली बनाते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद महिला तलवार की पूजा कर तलवार और डंडे से युद्ध कला करते हुए नजर आ रही है।
दावा किया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही महिला कोई और नहीं बल्कि दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता हैं। इस वीडियो को X पर कई यूजर्स ने इसी दावे के साथ शेयर किया। एक वेरिफाइड यूजर ने लिखा- यह दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता हैं। इनका यह पुराना वीडियो देखकर हमें गर्व होना चाहिए। मैं केजरीवाल से अनुरोध करता हूं कि वह उनके गुस्से से बचने के लिए किसी बिल में छिप जाएं। (अर्काइव)
- एक अन्य वेरिफाइड यूजर ने लिखा- आरएसएस कार्यकर्ता रेखा गुप्ता का पुराना वीडियो, जो अब दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। (अर्काइव)
- इसी दावे और कैप्शन के साथ कई अन्य यूजर्स ने भी यह वीडियो शेयर किया। (अर्काइव)
वायरल वीडियो का सच…
वायरल वीडियो का सच जानने के लिए हमने इसके की-फ्रेम को रिवर्स सर्च किया। सर्च करने पर हमें ये वीडियो आईएम पायल नाम की इंस्टाग्राम यूजर के पोस्ट में जानकारी के साथ मिला।
यह वीडियो यूजर ने 3 दिन पहले यानी 19 फरवरी को छत्रपती शिवाजी महाराज की जयंती के मौके पर शेयर किया था। इस वीडियो के कैप्शन में मराठी भाषा में लिखा है, जिसका हिंदी अनुवाद है- शिवाजी महाराज के रूप को याद करना चाहिए। शिवाजी महाराज की वीरता को याद करना चाहिए। शिवाजी महाराज की पूरी जीवनी को याद करना चाहिए। इस भूमंडल पर।
इसके आगे लिखा है- छत्रपति शिवाजी महाराज ने जो महान कर्तव्य किया उसे मेरा नमन। अस्त्र, शस्त्र और शास्त्रों में निपुण, जानकार, प्रौढप्रतापपुरंदर (यह उन्हे दी गई एक उपाधि है) ऐसे थोरले महाराज (यानि शिवाजी महाराज) से प्रेरित होकर किया गया यह मेरा एक छोटा प्रयास है।
पड़ताल के दौरान हमने इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल चेक की। चेक करने पर पता चला कि वीडियो में दिख रही महिला वह खुद यानी पायल नाम की आर्टिस्ट ही हैं। जिनके इस वीडियो को दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का बताकर शेयर किया जा रहा है।

इंस्टा यूजर और दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता का GIF
साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। वीडियो में दिख रही महिला दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता नहीं बल्कि इंस्टा यूजर पायल हैं।
फेक न्यूज के खिलाफ हमारे साथ जुड़ें। कोई भी ऐसी सूचना जिस पर आपको संदेह हो तो हमें ईमेल करें @fakenewsexpose@dbcorp.in और वॉट्सएप करें- 9201776050